स्टीविया की खेती : मुनाफे के साथ सुधारेें सेहत

स्टीविया की खेती : मुनाफे के साथ सुधारेें सेहत

शक्कर से तीस गुना मीठा होती है स्टीविया

विजय विनीत

स्टीविया की खेती भारत में पूरे साल की जा सकती है। स्टीविया पेरूग्वे का पौधा है। वहां यह बेहया की तरह अपने-आप उग जाता है। यह पौधा सामान्यत: शक्कर से तीस गुना मीठा होता है। स्टीविया के पत्ते का स्वाद मीठा होता है। इसके पत्तों में इंसुलिन बैलेंस करने की शक्ति होती है। एक कप काफी या चाय में इस चूर्ण की आधे से एक ग्राम मात्रा काफी होती है। स्टीविया हर तरह के साइड इफेक्ट से मुक्त है। यह एंटी वायरल और एंटी बैक्टीरियल का भी काम करता है। इसकी खेती के लिए बैंकों से ऋण भी मिलता है।

हालांकि इसके लिये अर्धआद्र एवं अर्ध उष्ण जलवायु काफी उपयुक्त मानी जाती है। 110 सेन्टीग्रेड तक के तापमान में इसकी खेती सफलता पूर्वक की जा सकती है। स्टीविया की खेती के लिये उचित जल निकास वाली रेतीली दोमट भूमि उपयुक्त होती है। ग्लूकोसाइड के आधार पर विभिन्न जलवायु के लिए सनफ्रट्स लिमिटेड, पूना ने इसकी तीन प्रजातियों का विकास किया है। एसआरवी 123 स्टीविया की इस किस्म में ग्लाईकोसाइड की मात्रा 9 से 12 प्रतिशत तक पायी जाती है। साल में पांच बार इसे काटा जा सकता है। स्टीविया की एसआरवी 512 प्रजाति उत्तर भारत के लिये ज्यादा उपयुक्त है। साल भर में इसकी चार कटाइयां ली जा सकती हैं। इसमें ग्लूकोसाइड की मात्रा 9 से 12 प्रतिशत तक होती है। तीसरी प्रजाति है एसआरवी 128। यह किस्म सम्पूर्ण भारत वर्ष के लिए सर्वोत्तम है। इसमें ग्लूकोसाइड की मात्रा 21 प्रतिशत तक पायी जाती है। इसे भी साल में चार बार काटा जा सकता है।

रोपड़ एवं उर्वरक

स्टीविया का रोपड़ कलम पद्धति से किया जाता है। स्टीवियाके पौधों का रोपड़ मेड़ों पर किया जाता है। इसके लिए 15 सेमी ऊंचाई के दो फीट चौड़े बेड बना लिया जाता है। कतार से कतार की दूरी 40 सेमी और पौधों से पौधों की सेमी रखते हैं। दो बेड़ों के बीच डेढ़ फीट की जगह नाली या रास्ते के रूप में छोड़ देते हैं। स्टीविया की पत्तियों का सीधे उपभोग किया जाता है। इसके चलते इसकी खेती में किसी भी तरह की रसायनिक खाद अथवा कीटनाशक का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। एक एकड़ में इसकी फसल को तत्व के रूप में नत्रजन, फास्फोरस और पोटाश की मात्रा क्रमश: 110 : 45 : 45

किग्रा की जरूरत पड़ती है। इसकी पूर्ति के लिये 70 से 80 कुंतल बर्मी कम्पोस्ट अथवा 200 कुंतल सड़ी गोबर पर्याप्त होती है। फसल की कटाई के बाद 0.2 प्रतिशत गोमूत्र का छिड़काव और एक किग्रा सीपीपी (काऊ पैट पिट) खाद 150 लीटर पानी में घोलकर प्रति एकड़ छिड़काव करना चाहिए।

सिंचाई

स्टीविया की फसल सूखा सहन नहीं कर पाती है। इसे लगातार पानी की जरूरत होती है। सर्दी के मौसम में भी दस दिन के अंतराल पर और गर्मियों में हर हफ्ते सिंचाई करनी चाहिए। स्टीविया की सिंचाई का सबसे उपयुक्त साधन स्प्रिंकलर है।

रोग एवं कीट नियंत्रण

 स्टीविया की फसल में किसी भी तरह का रोग अथवा कीड़ा नहीं लगता है। कभी-कभी पत्तियों पर धब्बे पड़ जाते हैं। बोरान तत्व की कमी के चलते ऐसी स्थिति पैदा होती है। इसके नियंत्रण के लिए छह प्रतिशत बोरेक्स का छिड़काव किया जा सकता है। कीड़ों की रोकथाम के लिए नीम के तेल को पानी में घोलकर स्प्रे किया जा सकता है।

पत्तियों की तुड़ाई

स्टीविया की पत्तियों में ही स्टीवियोसाइड पाये जाते हैं। इसलिये पत्तों की मात्रा बढ़ायी जानी चाहिये। समय-समय पर फूलों को तोड़ देना चाहिए। अगर पौधे पर दो दिन फूल लगे रहें और उनको न तोड़ा जाए तो पत्तियों में स्टीवियोसाइड की मात्रा में ५० प्रतिशत तक घट जाती है। फूलों की तोड़ाई, पौधों को खेत के रोपाई के 35, 45, 60, 75, और 90 दिन के बाद पहली कटाई करनी चाहिए। 40, 60 और 90 दिनों पर फूलों को तोड़ने की जरूरत होती है। स्टीविया की पहली कटाई पौध रोपने के करीब चार महीने बाद की जाती है। बाकी कटाई 90-90 दिनों के अंतराम पर की जाती है। तीन साल बाद स्टीविया के पत्तियों में स्टीवियोसाइड की मात्रा घट जाती है। कटाई में पौधे को जमीन से छह से आठ सेमी ऊपर से काट लिया जाता है। पत्तियों को टहनियों से तोड़कर धूप में अथवा ड्रायर से सुखा लेते हैं। सूखी पत्तियों को ठंडे स्थान में शीशे के जार में अथवा एयर टाइट पालीथिन पैक में भर देते हैं।

तीन साल में होता है आठ लाख मुनाफा

स्टीविया से तीन-चार कटाई में करीब 35 से 40 कुंतल सूखे पत्ते मिलते हैं। अंतर्राष्टÑीय बाजार में इसकी पत्तियां 300 से 400 रुपये प्रति किग्रा की दर से बिकती है। अगर स्टीविया की बिक्री दर सौ रुपये प्रति किग्रा मानी जाए तो पहली कटाई में एक एकड़ में 3.5 से 4 लाख की आमदनी होती है। अगले सालों में यह लाभ अधिक होता है। तीन सालों में एक एकड़ में स्टीविया की खेती से करीब 7 से 8 लाख का शुद्ध मुनाफा होता है।

दूर होगी चीनी की कड़वाहट

भारत यदि आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति में इस्तेमाल की जाने वाली वनस्पति ‘मधु पत्र’ यानी स्टीविया की खेती को बढ़ावा दे तो इससे चीनी की कड़वाहट पर अंकुश लग सकता है। स्टीविया में मिठास चीनी से तीस गुना अधिक होती है। भारत में स्टीविया की खेती को प्रोत्साहित करने की मुहिम में जुटे इंडिया स्टीविया एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल के मुताबिक स्टीविया, गन्ने का एक स्वस्थ्य और प्राकृतिक विकल्प है। इससे मिठास पैदा करने वाले पाउडर की उत्पादन लागत चीनी तैयार करने की लागत के बराबर ही बैठती है।

आंध्र प्रदेश के आचार्य एनजी रंगा कृषि विश्वविद्यालय में प्रोफेसर जी सत्यनारायण रेड्डी के मुताबिक स्टीविया उच्च रक्तचाप और वजन को कम करने, दांतों, पेट और त्वचा की कई बीमारियों में इलाज में काम आता है। दिल्ली फार्मास्युटिकल विज्ञान एवं शोध संस्थान के प्रिंसिपल प्रो एसएस अग्रवाल ने कहा, स्टीविया से तैयार मीठे पाउडर में कैलोरी की मात्रा न के बराबर है। इस कारण इसका इस्तेमाल दवा और शीतल पेय आदि के उत्पादन में इसका इस्तेमाल होता है।

शुगर-मोटापा से मिलती है राहत

चाहे शुगर से पाना हो मुक्ति अथवा घटाना हो मोटापा। दोनों ही स्थिति में फायदेमंद है स्टीविया। स्टीविया से बनी मिठाई को मधुमेह रोगी आसानी से खा सकते हैं। साथ ही पी सकते हैं जायकेदार मीठी काफी-चाय। देश के कई इलाकों में इसकी खेती की जा सकती है। इसे मीठी तुलसी के नाम से भी जाना जाता है। इसमें ग्लूकोस की मात्रा न होने के चलते इससे कैलोरी के अनियंत्रित होने की संभावना नहीं रहती। यही कारण है कि स्टीविया का मौजूदा समय में कई शुगर फ्री पदार्थों में प्रयोग किया जाने लगा है। स्टीविया में शुगर, मोटापा, कैलोरी को दूर करने के अलावा कई खूबियों का वर्णन आयुर्वेद में मिलता है। इसे चाय, काफी, दूध आदि के साथ उबालकर भी प्रयोग किया जा सकता है। यह पेनक्रियाज की बीटा कोशिकाओं पर अपना प्रभाव डालकर उन्हें इन्सुलिन तैयार करने में मदद करता है, जिससे मधुमेह का खात्मा होता है। यह दांतों का सड़न भी रोकता है।

सीमैप से खरीदें स्टीविया के पौधे

स्टीविया की खेती करने के लिए लखनऊ स्थित सीमैप (केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान-निकट कुकरैल पिकनिक स्पाट) से संपर्क किया जा सकता है। इस संस्थान के वैज्ञानिक न सिर्फ स्टीविया के पौध उपलब्ध कराते हैं, बल्कि उन सस्थाओं से संपर्क भी कराते हैं जो स्टीविया की पत्तियों को किसानों से सीधे खरीदते हैं। सीमैप के अधिकारियों से कार्यालय अवधि में फोन नंबर- (0522) 2359623 अथवा 2359625 पर स्टीविया के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की जा सकती है।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *