अभिषेक सिंह: जौनपुर के पिच पर सियासी मैच खेलने को बेकरार

अभिषेक सिंह: जौनपुर के पिच पर सियासी मैच खेलने को बेकरार

कपिलदेव मौर्य

उत्तर प्रदेश कैडर के साल 2011 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह आगामी लोकसभा  चुनाव में भाग्य आजमा सकते हैं। 12 साल की सेवा के बाद अक्टूबर 2023 में अपने पद से वीआरएस लेते हुए इस्तीफा दे दिया था। भारत सरकार ने 29 फरवरी 2024 को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। बीजेपी का टिकट हासिल करने के लिए अभिषेक सिंह जोर आजमाइश कर रहे हैं।

अभिषेक सिंह ने साल 2013 में अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत झांसी में जॉइंट मजिस्ट्रेट के तौर पर की थी। इसके बाद साल 2022 में वह तब चर्चा में आ गए जब उन्हें गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान ऑब्जर्वर बनाकर भेजा गया। तब उनकी एक फोटो काफी वायरल हुई, जिसमें वह सरकारी गाड़ी के सामने खड़े नजर आ रहे थे। फोटो के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा- अहमदाबाद में ड्यूटी लगी है। चुनाव आयोग ने उनका आचरण अनुचित मानते हुए नवबंर, 2022 में उन्हें ऑब्जर्वर की ड्यूटी से हटा दिया।

विवादों में गहरा रिश्ता

इसके बाद वह उत्तर प्रदेश लौटे, लेकिन नियुक्ति विभाग को रिपोर्ट नहीं किया और बिना किसी को बताए नौकरी से गायब रहे। फरवरी 2023 में अभिषेक सिंह को फिर निलंबित कर दिया गया और यूपी की योगी सरकार ने उन्हें सस्पेंड कर राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया था। इसके बाद अक्टूबर में उन्होंने इस्तीफा दे दिया। नियुक्ति विभाग के एक अधिकारी के अनुसार अभिषेक सिंह का इस्तीफा को मंजूरी फरवरी 2024 में मिली है। यूपीएससी की तैयारी के दौरान उनकी मुलाकात दुर्गा शक्ति नागपाल से हुई और वह इन दिनों बांदा में कलेक्टर हैं।

अभिषेक सिंह को एक्टिंग का शौक था इसलिए साल 2020 में उन्होंने ग्लैमर की दुनिया में कदम रखा। सिंगर बी पार्क के गाने ‘दिल तोड़ के’ में उन्होंने काम किया। फिर जुबिन नौटियाल की एलबम ‘तुझे भूलना तो चाहा’ में भी काम किया। इसके बाद नेटफ्लिक्स की वेब-सीरिज दिल्ली क्राइम के सीजन 2 में वह नजर आए। दो महीने पहले सनी लियोनी के साथ वह एक और सॉग ‘थर्ड पार्टी’ में भी दिखाई दिए. सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। इंस्टाग्राम पर उनके 30 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

अभिषेक के नए कदम

अभिषेक सिंह ने जौनपुर के रामभक्तों के लिए निषाद रथ यात्रा शुरू की है। सात फरवरी 2024 से बसें रामभक्तों को लेकर रोजाना अयोध्या जा रही हैं। रामलला के दर्शन कराकर दर्शनार्थियों को लेकर जौनपुर वापस लौटती है। इन बसों का नाम निषाद रथ रखा गया है। इससे पहले पिछले साल उन्होंने जौनपुर में गणेश उत्सव का आयोजन किया था। यह आयोजन काफी बड़े स्तर पर किया गया था और मुंबई से कई फिल्मी हस्तियां कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। गणेश उत्सव कार्यक्रम के समय ही इस बात की चर्चा शुरू हो गई थी कि अभिषेक सिंह लोकसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। इनकी कोशिशें कितनी कामयाब होंगी, यह अभी भविष्य के गर्त में है।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!